बिलासपुर

छत्तीसगढ़ में दिनदहाड़े 5 लाख की उठाईगिरी: कपड़े में कीड़े होने की बात कहकर मैनेजर का भटकाया ध्यान…रुपयों से भरा बैग लेकर हो गए फरार

बिलासपुर। BJP की महतारी हुंकार रैली के दौरान प्राइवेट संस्थान में काम करने वाला मैनेजर 5 लाख 68 हजार रुपए की उठाईगिरी का शिकार हो गया। मैनेजर बैंक से पैसे निकालकर जा रहा था। रास्ते में वह जूस पीने के लिए रूका। तभी वहां बाइक सवार दो युवक आए और उसके कपड़े में कीड़े होने का झांसा दिया। मैनेजर ने जैसे ही अपना बैग उतार कर कीड़े में उलझा, तब तक बाइक सवार बदमाश उसका बैग उठाकर भाग निकले। इस घटना के दौरान पुलिस अफसर और जवान VVIP ड्यूटी में व्यस्त रहे, जिसके चलते अभी तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल सका है।

व्यापार विहार स्थित राधेश्याम इंटरप्राइजेस में विक्की पैगवार मैनेजर हैं। वह संस्थान के बाहरी लेनदेन और बैंक संबंधित काम देखता है। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे मैनेजर विक्की सेंट्रल बैंक में रुपए निकालने गया था। बैंक से उसने चार लाख रुपए निकलवाए। इसके बाद वह तितली चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक गया। वहां भी उसने एक लाख 68 हजार रुपए निकलवाया। रुपयों को बैग में रखकर वह सिरगिट्‌टी तरफ जाने के लिए निकला था।

जूस पीने के लिए रूकना पड़ गया महंगा

रुपयों को बैग में रखकर मैनेजर विक्की सिरगिट्‌टी तरफ जाने के लिए निकला था। तभी तोरवा के रेलवे परिक्षेत्र स्थति बंगाली स्कूल के पास वह जूस पीने के लिए रूक गया। ऑर्डर देकर वह अभी इंतजार करते खड़ा था। तभी वहां एक युवक पहुंचा। उसने मैनेजर के कपड़ों में कीड़े होने की बात कही। उसकी बातों को सुनकर मैनेजर ने कंधे से बैग उताकर बाइक की सीट पर रख दिया। इतने में बाइक सवार दो युवक आए और बैग लेकर भाग गए।

4 युवकों के शामिल होने की आशंका

बताया जा रहा है कि जिस तरीके से एक युवक ने मैनेजर को उसके कपड़ों में कीड़े लगने की बात कही और उसे उलझाए रखा। इसी बीच बाइक सवार दो युवक उसकी बैग लेकर भाग गए। इसके बाद युवक भी भाग गया। ऐसे में मैनेजर ने आशंका जताई है कि इस वारदात में चार लोग शामिल हैं।

मैनेजर ने मचाया शोर, फिर पुलिस को दी जानकारी

बाइक सवार बदमाशों को बैग उठाकर ले जाते देखकर मैनेजर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इस घटना की जानकारी दी। साथ ही वह बाइक सवार युवकों का पीछा करने लगा। लेकिन, बदमाश भीड़ में फर्राटे मारते हुए दूर निकल गए। बाद में मैनेजर ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस केस दर्ज कर इस मामले की जांच कर रही है।

महतारी हुंकार रैली की भीड़ और पुलिस की VVIP ड्यूटी

शुक्रवार को शहर में भाजपा की महतारी हुंकार रैली थी, जिसके चलते सभी इलाकों में लोगों की भीड़ थी। वहीं दूसरी ओर पुलिस अफसर और जवान भी VVIP ड्यूटी में व्यस्त थे। इस दौरान हुई उठाईगिरी की घटना के बाद बदमाश बेखौफ होकर भाग गए और उनका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस के अफसर भी ड्यूटी में उलझे रहे, जिसके चलते बदमाशों की तलाश नहीं हो पाई।

CCTV फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश

तोरवा थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि घटना के बाद तोरवा पुलिस और ACCU की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घटना के बाद टीम ने आसपास केCCTV का फुटेज जुटाई जा रही है। मैनेजर के बताए हुलिए के आधार पर संदेहियों की पहचान कर तलाश की जा रही है।

Related Articles