रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दो साल की एक मासूम बच्ची से उसके सौतेले पिता ने ही दुष्कर्म जैसे अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया है। घटना की शिकायत पीड़ित बच्ची की मां ने थाने में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी बस्ती सीएसपी मनोज ध्रुव ने बताया कि घटना छह दिन पुरानी है। भाठागांव इलाके में यह शर्मनाक घटना हुई। आरोपित पिता ने सौतेली बेटी को घुमाने ले जाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसने बच्ची को धमकी भी दी थी। घर आने पर मासूम ने अपनी आप-बीती मां को इशारे में बताते हुए दर्द होना बताया।
इसके बाद मासूम को इला के लिए अस्पताल लेकर पहुंची माता के उस समय होश उड़ गए, जब उसे पता चला कि उसके पति ने ही उसकी बेटी के साथ इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया है। मां की शिकायत पर आरोपित पति के खिलाफ दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला को पहले पति से बच्चे नहीं थे इसलिए उसने दूसरी शादी की जिससे उसे बेटी हुई।
इसके बाद किसी कारणवश वह वापस पहले पति के पास लौट आई और उसी के साथ रहने लगी। इधर, बच्ची को घुमाने के बहाने से दूसरा पति महिला के पास पहुंचा और बच्ची को अपने साथ ले गया। इसी दौरान उसने अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।