डॉ पूर्णेन्दु सक्सेना बने RSS के प्रांत संघचालक…बिसराराम यादव की हुई विदाई।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पुर्णेन्दु सक्सेना को राष्ट्रीय स्वयं संघ ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। संघ ने डॉ. सक्सेना को छत्तीसगढ़ आरएसएस का प्रान्त संघ चालक नियुक्त किया है। डॉ. सक्सेना को बिसराराम यादव के बाद सर्व सम्मति से निर्वाचित कर यह पद दिया गया है। प्रांत प्रचार प्रमुख कनिराम ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 वर्ष में सम्पन्न होने वाले निर्वाचन में निवृत्तमान प्रान्त संघचालक बिसराराम यादव ने अपने कार्यकाल के पूर्ण होते ही निवृत्त होने की घोषणा की। इसके बाद डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, अस्थिरोग विशेषज्ञ का प्रान्त संघचालक के रूप में सर्वसम्मति से निर्वाचन सम्पन्न हुआ।

उल्लेखनीय है कि आरएसएस के प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक आज रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान में संपन्न हुई, जिसमें पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव ने अपने पद से निवृत्त होने की घोषणा की।

इसके बाद डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना को प्रांत संघचालक की जिम्मेदारी देने की घोषणा हुई। डॉ. सक्सेना बचपन से ही संघ से जुड़े रहे. उन्होंने कई दायित्वों का निर्वहन किया. उनके स्वर्गीय पिता भी आरएसएस से जुड़े रहे। डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना राजधानी में स्थित वीवाय हास्पिटल के संचालक भी हैं। डॉ.सक्सेना ने अपनी स्कूली और चिकित्सकीय शिक्षा रायपुर से पूरी की और उसके बाद 1996 में वे लंदन चले गए, जहां उन्होंने रॉयल लीवरपुल हास्पिटल और न्यू केटल रीजन में अपनी सेवाएं दी। 2004 में वे स्वदेश लौट आए तथा अपोलो हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं दी।

छत्तीसगढ़ प्रांत की कार्यकारिणी में भी कुछ आंशिक बदलाव किए गए हैं। अब तक सह कार्यवाह रहे शेखर देवांगन प्रांत कार्यवाह होंगे जबकि प्रांत व्यवस्था प्रमुख घनश्याम सोनी होंगे। जिला स्तर पर भी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *