सक्ती

सक्ती कलेक्टर का मिशन हेल्थ: मालखरौदा CHC का किया निरीक्षण…निर्माण कार्यों का लिया जायजा…जल्द मिलेगी स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित ऑपरेशन थिएटर की सुविधा

सक्ती। नवीन जिला सक्ती में स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार हेतु कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना निरंतर प्रयासरत हैं। इसी क्रम में आज कलेक्टर ने मालखरौदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस केंद्र में ऑपरेशन थियेटर, पोस्ट आप वार्ड का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जहां कलेक्टर ने निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि मालखरौदा में बरसों से ऑपरेशन सुविधा का अभाव रहा है। अब जल्द ही मालखरौदा सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ सर्जन द्वारा सीजेरियन आपरेशन, महिला नसबंदी ऑपरेशन आरंभ किया जाना है। इसके लिए कलेक्टर ने आपरेशन थियेटर आरंभ करने के पूर्व समस्त तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने मालखरौदा ब्लॉक के पीएचसी फगुरम तथा हेल्थ सेंटर मोंहदीकला का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौसमी बीमारियों के प्रबंधन संबधी तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

सक्ती जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों में आमजनों की सुविधा हेतु अतिरिक्त शौचालय निर्माण, बाउंड्री वाल निर्माण , समतलीकरण कार्य हेतु सम्बन्धित विभागो को निर्देशित किया गया है। साथ में कलेक्टर द्वारा समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतर संचालन हेतु सतत अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सूरज सिंह राठौर, बीएमओ डॉ के.के सिदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मालखरौदा संदीप पोयम तथा अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles