भारत

किस्मत हो तो ऐसी: मुंबई के युवक ने Amazon से ऑर्डर किया कोलगेट माउथवॉश…घर पहुंचा Redmi Note 10 स्मार्टफोन

Amazon: आपने ऑनलाइन ऑर्डर में गड़बड़ी की कई कहानियां सुनी होंगी। कई बार लोग स्मार्टफोन ऑर्डर करते हैं और बदले में उन्हें पत्थर या किताब जैसी चीजें मिल जाती हैं। आमतौर पर फर्जी ऑनलाइन साइट पर ऐसे फर्जीवाड़े होते हैं। लेकिन, यदि कोई कहे के अमेजन (Amazon ) जैसी साइट में माउथवॉश ऑर्डर करने पर उसे रेडमी नोट 10 (Redmi Note 10) फोन मिला है तो शायद आपको भरोसा नहीं होगा।

मुंबई के रहने वाले लोकेश के साथ हकीकत में यह घटना हुई है। लोकेश ने Amazon के जरिए कोलगेट माउथवॉश ऑर्डर किया था। कुछ दिन बाद उनके घर ऑर्डर पहुंचा पर उसमें माउथवॉश की जगह 13 हजार की कीमत वाला रेडमी नोट 10 (Redmi Note 10) फोन था।

इसके बाद उन्होंने ट्वीट करके यह घटना सभी के साथ साझा की और Amazon को इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने साथ ही लिखा कि माउथवॉश उन उत्पादों में शामिल है जो उपयोग के साथ खत्म हो जाते हैं। इस वजह से वो फोन लौटाने के लिए ऑर्डर रिटर्न भी नहीं कर पा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर की पूरी जानकारी

लोकेश ने अपने ऑर्डर की डिटेल और स्मार्टफोन की फोटो के साथ ट्वीट किया “हैलो Amazon, मैने एक कोलगेट माउथवॉश ऑर्डर किया था, जिसका ऑर्डर नंबर 406-9391383-4717957 है। लेकिन इसकी बजाय मुझे एक रेडमी नोट 10 स्मार्टफोन (Redmi Note 10) मिला है। क्योंकि माउथवॉश एक उपभोज्य उत्पाद है। इस वजह से मैं एप के जरिए इसे लौटाने के लिए आवेदन नहीं कर पा रहा हूं।”

दूसरे ट्वीट में बताया क्या गड़बड़ी हुई

लोकेश ने दूसरा ट्वीट करते हुए बताया कि जब उन्होंने अपना ऑर्डर खोला तो उसमें बिल तेलंगाना के किसी व्यक्ति के नाम पर था। उन्होंने लिखा “पैकेज खोलने के दौरान मैने देखा कि पैकेजिंग लेवल मेरे नाम से है, पर अंदर बिल किसी और व्यक्ति के नाम का है। मैने आपको ईमेल भी किया है, ताकि यह फोन सही आदमी तक पहुंच सके।”

सोशल मीडिया पर ईमानदारी के कायल हुए लोग

लोकेश का ट्वीट देखकर लोग सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। कई लोग इस घटना को लेकर Amazon के मजे ले रहे हैं तो कुछ उनकी किस्मत के दीवाने हैं। एक यूजर ने लिखा कि आप रेडमी फोन अपने पास रखिए और पड़ोस के किराना स्टोर से माउथवॉश ले लीजिए।

इंग्लैंड में भी हुई थी ऐसी घटना

कुछ दिन पहले इंग्लैंड में भी कुछ ऐसी ही घटना देखने को मिली थी। यहां एक आदमी ने सुपरमार्केट से सेब का एक बैग ऑर्डर किया था, लेकिन उसके घर एप्पल का आईफोन एसई पहुंच गया। वहीं, दो महीने पहले चीन की एक महिला ने आईफोन 12 प्रो मैक्स ऑर्डर किया था और उसके घर सेब के फ्लेवर वाली ड्रिंक पहुंच गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *