
बिलासपुर/सक्ती। सक्ती जिले मे पिता की हत्या के अपराध मे जेल मे बंद आरोपी की पत्नी ठगी का शिकार हो गई। सक्ती उपजेल में बंद पति की जमानत कराने का झांसा देकर ठग ने महिला से 1 लाख 86 हजार की मांग की। महिला को झांसे में लेने के लिए ठग ने खुद को जेल का अधिकारी बताया था। रुपए देने के बाद भी जब पति जेल से बाहर नहीं निकला तो पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरीखुर्द बरखदान की रहने वाली प्रियंका सोनी पति दीपक सोनी(29) रोजी मजदूरी का काम करती है। प्रियंका के पति दीपक सोनी को सक्ती जिले की हसौद पुलिस ने अपने ही पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी सक्ती न्यायालय के आदेश से अभी सक्ती उपजेल में बंद है। महिला अपने पति से मिलने सक्ती उप जेल जाती थी।
खुद को जेल अधिकारी बताकर दिया झांसा
इस दौरान प्रियंका के मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम योगेश खूंटे और खुद को सक्ती उप जेल का अधिकारी बताया। कॉलर ने प्रियंका को उसके पति की जमानत करा देने की बात कही। जेल अधिकारी होने की बात सुन प्रियंका योगेश के झांसे में आ गई। योगेश खूंटे ने प्रियंका को बताया कि जमानत के लिए 50 हजार रुपए लगेंगे।
कुछ दिन बाद योगेश खूंटे अपने बाइक से बिलासपुर आया और प्रियंका को देवरीखुर्द मोड़ के पास बुलाया। पैसों की मांग करने पर प्रियंका ने योगेश को 50 हजार रुपए दिए। पैसा देने के बाद भी जमानत नहीं होने पर प्रियंका ने योगेश को फोन किया। योगेश ने प्रियंका को जमानत करवाने का आश्वासन देते हुए जमानत मे और पैसे लगने की बात कही।
जिसके बाद प्रियंका ने योगेश के बैंक अकाउंट मे 15 बार मे कुल 1,36,000 रुपए ग्राहक सेवा केंद्र से ट्रांसफर करवाया। पैसे देने के बाद भी पति का जमानत नही होने पर प्रियंका ने पूरे मामले की शिकायत तोरवा थाने मे दर्ज कराई है। तोरवा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।