कोंडागाँव

छत्तीसगढ़ मे नक्सलियों ने युवक की गोली मारकर की हत्या: माओवादियों ने पुलिस का मुखबिर बताकर मारा…गांव में ही फेंका शव

कोंडागांव। जिले में माओवादियों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या की है। युवक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर नक्सलियों ने उसे मारा है। बताया जा रहा है कि, देर रात युवक को घर से उठाकर लेकर गए थे। जिसके बाद गांव के जंगल में वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद शव को गांव में ही फेंक दिया गया। मामला मर्दापाल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के ग्राम पंचायत खड़पडी के टोडाबेड़ापारा का रहने वाला युवक सोमा राम कई दिनों से नक्सलियों के निशाने पर था। वहीं शनिवार की रात करीब 8 से 10 की संख्या में माओवादी युवक के घर पहुंच गए। युवक को घर से जंगल की तरफ लेकर गए। फिर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाकर गोली मार कर हत्या कर दी। जिसके बाद युवक के शव को गांव में ही फेंक दिया गया।

रात में ही मर्दापाल थाना के जवानों को हत्या की जानकारी मिल गई थी। लेकिन, अंदरूनी और नक्सल प्रभावित इलाका होने की वजह से जवान रात में नहीं गांव नहीं जा सके। रविवार की सुबह जवानों को मौके के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। नक्सलियों ने शव के पास एक पर्चा भी फेंका है। जिसमें, युवक का पुलिस से लगातार संपर्क होने की बात लिखी हुई है। पुलिस ने पर्चे को बरामद कर लिया है।

पिछले 2 सालों में 18 लोगों की हत्या की

  • 17 नवंबर 2020 को नक्सलियों ने सुकमा के जंगलों में जनअदालत लगाकर 2 युवकों की हत्या की थी।
  • 21 अक्टूबर 2020 को नक्सलियों ने बीजापुर में एक आरक्षक को अगवा कर जनअदालत लगा उसकी हत्या की थी।
  • साल 2020 में ही नक्सलियों ने नारायणपुर के अबूझमाड़ में 2 युवकों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर गला रेतकर हत्या की थी।
  • साल 2020 में कांकेर जिले में नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर एक पूर्व सरपंच की हत्या की थी।
  • साल 2020 में कांकेर जिले में एक दिव्यांग युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका था। इस पर भी पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया था।
  • साल 2020 में सुकमा जिले में ही नक्सलियों ने एक ग्रामीण पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर जनअदालत लगा उसकी हत्या कर दी थी।
  • नवंबर 2021 में सुकमा जिले में जनअदालत लगाकर माओवादियों ने 2 युवकों की हत्या की थी। इनपर भी पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया था।
  • नवंबर 2021 में नक्सलियों ने कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके में जनअदालत लगाकर 1 ग्रामीण की हत्या की थी।
  • जनवरी 2022 में बीजापुर जिले में अपने ही एक साथी कमलू पुनेम को जनअदालत लगाकर मारा।
  • जनवरी 2022 में ही बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र में अपने ही 2 साथी भोंगी पोयाम और कोतरापाल निवासी बोटी कुहरामी पर पुलिस मुखबिरी का शक कर उन्हें भी जन अदालत लगा कर मौत की सजा दी।
  • 10 फरवरी को माओवादियों ने दंतेवाड़ा जिले के टेटम में एक युवक की हत्या कर दी थी।
  • 17 मार्च को माओवादियों ने बीजापुर जिले के मद्देड थाना क्षेत्र में एक पास्टर की हत्या की थी।
  • 2 जून को सुरपनगुड़ा गांव की सरपंच पति मड़कम सन्ना को अगवा कर हत्या कर की थी।

Related Articles