
बिलासपुर के बेलतरा सर्किल में जंगली सूअर का शिकार, 10 किलो मांस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। बेलतरा सर्किल के धौरामुड़ा बीट में वन विभाग ने एक आरोपित को 10 किलो जंगली सूअर के मांस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
घटना शनिवार रात की है। मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत बेलतरा सर्किल के धौरामुड़ा बीट में कुछ लोगों के द्वारा जंगली सूअर का शिकार कर उसके मांस का बंटवारा कर रहे हैं। इस सूचना के बाद वन मंडल में हड़कंप मच गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी एएस नाथ ने तत्काल इसकी जानकारी वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत को दी। मामले वन्य प्राणी के शिकार का होने के कारण डीएफओ ने तत्काल टीम बनाकर घेराबंदी करने के निर्देश दिए। इस पर वनपरिक्षेत्र अधिकारी नाथ पांच सदस्य टीम बनाई।
हालांकि रात अधिक हो चुकी थी। इसलिए वन अमले को जांच में भी परेशानी हुई। इसके बाद भी वन अमला शिकारियों को पकड़ने के लिए जंगल में गश्त करता रहा। इसी बीच टीम ने घेराबंदी कर धौरामुड़ा निवासी घासीराम कोरम पिता सुकलाल कोरम (45 ) को पकड़ लिया। इस बीच जांच के दौरान घासीराम के कब्जे से जंगली सूअर का 10 किलो कच्चा मांस बरामद हुआ। अपराध में उपयोग की गई धारदार टांगी (कुल्हाड़ी) भी जब्त की गई। इस पर आरोपित को पकड़कर कार्यालय लाया गया।
आरोपित के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2,9,39,50 एवं 51 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी के अलावा बेलतरा परिक्षेत्र सहायक वेदप्रकाश शर्मा, वनरक्षक नीतीश कुमार भार्गव, अजय मिश्रा, विद्या गढ़ेवाल, गणेश मानिकपुरी, अमृत लाल सारथी वनप्रबंधन समिति बिटकुली अध्यक्ष शामिल रहे।
और भी लोगों की संलिप्तता
जांच के दौरान वन अमले को मौके से केवल एक ही आरोपित मिला। लेकिन उन्हें आशंका है कि वह अकेले इतना बड़ा अपराध नहीं कर सकता है। अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो सकी है। टीम इसकी पड़ताल में जुटी हुई है। पहचान सामने आते ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।