सक्ती

सक्ती मे मामूली विवाद पर दोस्त की हत्या: दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए थे…विवाद होने पर सब्जी काटने वाले चाकू से की हत्या…आरोपी गिरफ्तार

सक्ती जिले में मामूली विवाद को लेकर अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने दोस्तों के साथ ग्राम गुढ़वा स्थित पिकनिक स्थल मे पिकनिक मनाने आया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और उसने चाकू से उसकी हत्या कर दी। मामला नगरदा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला निखिल सिंह रविवार को शुभम दास महंत, आयुष तिवारी, फैजान अहमद, ऋतेष राठौर और अन्य दोस्तों के साथ नगरदा थाना क्षेत्र के ग्राम गुढ़वा पिकनिक स्थल पिकनिक मनाने आए थे। सभी अपने साथ में गैस चूल्हा, कढ़ाई, बर्तन, चाकू रखे थे। सभी ने गुढ़वा पहाड़ के झरना में नहाने के बाद वही खाना खाया। शाम करीब 4.00 बजे निखिल सिंह और शुभम दास महंत के बीच देश की शिक्षा, महगांई सहित अन्य विषयों में चर्चा चल रही थी। चर्चा के बीच दोनों में मतभेद हो गया और दोनो बहस होकर विवाद करने लगे।

शुभम दास महंत ने निखिल सिंह के साथ हाथ मुक्का से मारपीट की। तब निखिल सिंह ने भी बचाव करते हुए झुमा झपटी किया। जिसके बाद गुस्से में आकर शुभम दास महंत ने अपने पास में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से हत्या करने की नियत से निखिल सिंह के पेट-सीना में वार किया। बीच बचाव के दौरान फैजान अहमद के हाथ में भी चोट लगी। शुभम दास महंत घटना के बाद वहाँ से भाग गया था। निखिल सिंह को तत्काल उपचार हेतु एनकेएच अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया। जहाँ डॉक्टर ने निखिल को मृत घोषित कर दिया।

नगरदा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर आरोपी के विरूद्ध अपराध धारा 302, 323 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। घटना से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले में आरोपी की पतासाजी के लिए अलग-अलग टीम बनाकर कोरबा, बिलासपुर, रायपुर उसके सकुनत और रहने के संभावित स्थानों में दबिश दिया गया।

आरोपी शुभम दास महंत को रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर शुभम ने अपराध कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू को जप्त कर लिया है। आरोपी शुभम दास महंत पिता नरेश दास महंत (18 वर्ष) साकिन सुभाष नगर दीपका थाना दीपका जिला कोरबा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

Related Articles