तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकल सवार को मारी टक्कर: मौके पर ही मौत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सक्ती जिले में सोमवार की शाम बाइक की ठोकर से साइकल सवार युवक की मौत हो गई। युवक षष्ठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसके टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना डभरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम ठनगन निवासी दिलीप कुमार मैत्री पिता सूरत लाल मैत्री (35 वर्ष) सोमवार को पास के ही छुहीपाली गांव में षष्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। खाना खाकर वह साइकल से अपने घर वापस लौट रहा था। वह शाम 4 बजे छुहीपाली ठनगन बस स्टैंड के पास पहुंचा था। उसी समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डभरा पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी से घटना के संबंध में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।