बीजापुरमुंबई

महाराष्ट्र के बाढ़ पीड़ितों को छत्तीसगढ़ की मदद: राशन, बर्तन, और मच्छरदानी लेकर पहुंचे बीजापुर के विधायक…लोग बोले- पड़ोसी को हमारी चिंता

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के लोग छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता के कायल हो गए। बीजापुर के जनप्रतिनिधियों ने राज्य की सीमा पार करके गढ़चिरौली जिले के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। वे बाढ़ प्रभावितों के लिए राशन, बर्तनों, कपड़ा, मच्छरदानी सहित बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री लेकर वहां पहुंचे थे। ग्रामीणों ने कहा कि, हमारी सरकार नहीं पहुंची लेकिन आप पड़ोसी राज्य को हमारी चिंता है।

दरअसल, क्षेत्रीय विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम शाह मंडावी को जानकारी मिली थी कि बीजापुर जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गांव सोमनपल्ली और उसके आसपास बाढ़ के कारण बहुत बुरे हालात हैं। कठिन परिस्थितियों में फंसे बहुत से लोग मुश्किल से दिन काट रहे हैं। इस सूचना के बाद विधायक ने बाढ़ प्रभावितों तक राहत सामग्री पहुंचाने का निर्णय लिया और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वे आवश्यक राहत सामग्री लेकर महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावितों तक पहुंचे।

उन्होंने उनसे उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अपने स्तर पर हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं की जानकारी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक भी वे पहुंचाएंगे, ताकि और ज्यादा मदद की जा सके। विधायक के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत एवं छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य बसंत राव ताटी सहित अन्य प्रतिनिधि भी पहुंचे थे।

Related Articles