जोमैटो के सीईओ दीपेंद्र गोयल को बैकफुट पर आना पड़ा है। उन्होंने प्रतिद्वंदी फूड डिलीवरी सर्विस स्विगी पर मुंबई में रात 8 बजे के बाद सेवाओं के लिए निशाना साधा था, लेकिन बाद में पुलिस के स्पष्टीकरण के बाद उन्हें स्विगी से माफी मांगनी पड़ी। दरअसल, दीपेंद्र गोयल ने ट्विटर पर स्विगी ऐप का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा था, ‘आदेश के मुताबिक, हमारी सेवाएं सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक संचालित रहेगीं।’
ट्वीट में मुंबई पुलिस को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि जोमैटो आवश्यक फूड डिलीवरी सेवा रात 8 बजे के बाद मुंबई में उपलब्ध करने के लिए तैयार है, लेकिन हम ऐसा इसलिए नहीं कर रहे हैं क्योंकि कानून का पालन करने वाले हैं। मैं समझता हूं कि हमारी प्रतिद्वंदी कंपनी रात 8 बजे के बाद सेवा का संचालन जारी रखे है। मैं मुंबई पुलिस से आग्रह करता हूं कृपया स्थिति स्पष्ट करें। पुलिस ने लिखा कि कृपया, सरकारी अधिसूचना को पढ़ें।
उसमें कहा गया है कि होम डिलीवरी सेवा की अनुमति है, लेकिन समय सीमा का निर्धारण नहीं है, जिसके बाद जोमैटो के सीईओ ने आगे मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा किया और पोस्ट में स्विगी से माफी मांगी।